
स्थान : भगवानपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

आज भगवानपुर में मुस्लिम सेवा संगठन द्वारा एक भव्य सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नईम कुरैशी ने की। सैंकड़ों लोगों ने इस अवसर पर हिस्सा लिया और संगठन के उद्देश्य और नीतियों से अवगत हुए।


कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नईम कुरैशी ने अपने संबोधन में कहा कि आज तक राजनीतिक दलों ने मुस्लिम समुदाय को केवल “फुटबॉल” की तरह इस्तेमाल किया है।

उन्होंने कहा कि समुदाय को कभी सही हिस्सेदारी या सम्मान नहीं मिला और यही कारण है कि आज भी मुस्लिम समाज कई क्षेत्रों में पिछड़ा हुआ है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश की सरकार मूलभूत विकास मुद्दों से भटककर हर मामले में धार्मिक रंगभेद को बढ़ावा देने में लगी हुई है। कुरैशी ने कहा कि इससे न केवल समाज में दरारें बढ़ रही हैं,

बल्कि समुदाय के विकास में भी बाधा आ रही है।

संगठन के अन्य नेताओं ने भी भाषणों में इसी विचार को दोहराया। उनका कहना था कि केवल वोटों के आधार पर समुदाय को राजनीति में शामिल किया जाता रहा है, लेकिन वास्तविक हिस्सेदारी और सम्मान नहीं मिला। इस स्थिति को बदलना अब समय की मांग है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जब तक मुस्लिमों को राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं मिलेगी, तब तक पिछड़ापन दूर नहीं होगा। उन्होंने नेताओं से स्पष्ट अपील की कि समुदाय के विकास और सम्मान के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

मीडिया से बातचीत में नईम कुरैशी ने कहा, “वोट हमारा, राज तुम्हारा नहीं चलेगा। वोट लोगे तो सम्मान भी देना ही होगा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि समुदाय अब केवल वोट बैंक नहीं रहेगा, बल्कि अपनी हिस्सेदारी और अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाएगा।
कार्यक्रम का समापन सदस्यता अभियान के तहत नए सदस्यों को संगठन में शामिल करने और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी देने के साथ हुआ।
उपस्थित लोगों ने संगठन की नीतियों और उद्देश्य को समर्थन देने की प्रतिबद्धता जताई।

