हल्द्वानी में सीएम धामी के संभावित दौरे से पहले युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, काले गुब्बारों के साथ जताया विरोध

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संभावित दौरे को लेकर हल्द्वानी में सियासी माहौल गरमा गया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू के नेतृत्व में काले गुब्बारों के साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड के दोषियों को फांसी की सजा देने, सुखवंत सिंह हत्या मामले की सीबीआई जांच कराने, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, पलायन और नशे के बढ़ते कारोबार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

कुसुमखेड़ा चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं का आक्रोश देखने लायक था। नारेबाजी और विरोध के बीच पुलिस को कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी बन गया।

युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू और दीपा खत्री ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने उधमसिंह नगर जनपद के किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग की, साथ ही संबंधित एसएसपी को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग भी उठाई। हेमंत साहू ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराध व नशे का कारोबार चरम सीमा पर पहुंच गया है।

प्रदर्शन में शामिल छात्र नेता शोभित कुमार और सचिन राठौर ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चौपट हो चुकी हैं, जिसके चलते निजी अस्पताल गरीब और जरूरतमंद लोगों को लूटने पर मजबूर कर रहे हैं।

पुलिस ने दोपहर करीब दो बजे प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर आरटीओ चौकी ले जाया। लगभग तीन घंटे बाद शाम पांच बजे सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं में छात्र नेता शोभित कुमार, तस्कीन अहमद, सचिन राठौर, मोनू चौहान, आनंद कुमार, विराज कुमार, नील खत्री, विशाल आर्या सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे। प्रदर्शन के बाद शहर में कुछ देर तक राजनीतिक हलचल बनी रही।