हरिद्वार: छोटे मकानों और प्लॉट पर कमर्शियल निर्माणों के नक्शे पास करने के लिए HRDA का सुशासन कैंप, लोगों ने सराहा कदम

हरिद्वार: छोटे मकानों और प्लॉट पर कमर्शियल निर्माणों के नक्शे पास करने के लिए HRDA का सुशासन कैंप, लोगों ने सराहा कदम

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार–रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) की ओर से छोटे मकानों और छोटे प्लॉट पर हो रहे कमर्शियल निर्माणों के नक्शे पास करने के लिए विशेष सुशासन कैंप आयोजित किया गया। हरिद्वार स्थित कार्यालय में लगे इस कैंप में भारी संख्या में लोग पहुंचे और अपने मकानों व दुकानों के नक्शे पास कराए।

अधिकारियों ने बताया कि यह सुशासन कैंप पहले हरिद्वार कार्यालय में आयोजित किया गया है और अब जल्द ही इसे रुड़की शाखा कार्यालय में भी लगाया जाएगा। कैंप का उद्देश्य छोटे आवासीय और छोटे व्यावसायिक निर्माण कार्यों के लिए नक्शा पास करने की प्रक्रिया को सरल और आसान बनाना है, ताकि आम नागरिक बिना किसी परेशानी के वैध निर्माण कर सकें।

कैंप में पहुंचे लाभार्थियों ने HRDA के इस कदम को सराहनीय पहल बताया। लोगों का कहना था कि इससे उन्हें न केवल समय की बचत हो रही है बल्कि नक्शा पास कराने की प्रक्रिया भी पहले की तुलना में काफी सुगम हो गई है।

HRDA अधिकारियों का कहना है कि सुशासन कैंप भविष्य में भी जरूरत के अनुसार लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को वैध निर्माण की सुविधा मिल सके।