

स्थान : द्वाराहाट,रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान को लेकर द्वाराहाट में भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट ने पत्रकार वार्ता की। उन्होंने अभियान की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।


भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट ने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास की पावन जन्मस्थली काशी (वाराणसी) गई प्रदेश की टोली 30 जुलाई को भगवानपुर रुड़की स्थित सीएमडी इंटर कॉलेज चुड़ियावाला के रविदास मंदिर पहुंचेगी। यहां आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।



उन्होंने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के तहत रानीखेत जिले की टोली भी निर्धारित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगी। काशी से लाए गए पूजन कलश का विधिविधान से पूजन किया जाएगा और इसके बाद जिला टोली अपने-अपने क्षेत्रों के लिए कलश लेकर रवाना होगी।


भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत रविदास के विचारों, सामाजिक समरसता और उनके बताए मार्ग को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि पूजन कलश जिले में पहुंचने के बाद स्थानीय स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें कार्यकर्ताओं और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के माध्यम से समाज में एकता और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा।

पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा नेता अनिल शाही, जिला महामंत्री भूपेंद्र कांडपाल, आशुतोष शाही, धीरेंद्र मठपाल सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।


भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास की शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, सेवा और समरसता का संदेश देती हैं। इसी उद्देश्य को लेकर प्रदेशभर में समरसता संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

