खटीमा में दोस्त ही निकला दोस्त का कातिल, नशे के इंजेक्शन को लेकर विवाद में 20 वर्षीय अभय की हत्या, गटर में छिपाया शव

खटीमा में दोस्त ही निकला दोस्त का कातिल, नशे के इंजेक्शन को लेकर विवाद में 20 वर्षीय अभय की हत्या, गटर में छिपाया शव

स्थान- खटीमा/ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर – अशोक सरकार

ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में 20 वर्षीय युवक अभय उर्फ लल्लू की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, अभय की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके पुराने दोस्त ने ही की थी। नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने अभय की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को पास के गटर में छिपा दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला खटीमा के वार्ड नंबर 17 स्थित शिवा कॉलोनी का है। जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय अभय उर्फ लल्लू 7 नवंबर की रात करीब नौ बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी आसपास और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 9 नवंबर को परिजनों ने कोतवाली खटीमा पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।

अभय के लापता होने के बाद से ही परिजनों को अनहोनी की आशंका सता रही थी। इस बीच मृतक का मोबाइल फोन एक अन्य युवक के पास मिलने से परिजनों का शक और गहरा गया। जय सक्सेना ने भी आरोप लगाया था कि जिस व्यक्ति पर हत्या का संदेह जताया जा रहा था, वही परिजनों के साथ गुमशुदगी दर्ज कराने कोतवाली पहुंचा था।

गुमशुदगी दर्ज होने के बाद खटीमा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को अभय के परिचित संजय गुप्ता की भूमिका संदिग्ध लगी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान संजय ने अभय की हत्या करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार, अभय और संजय पुराने दोस्त थे और दोनों नशे के आदी थे। 7 नवंबर की रात दोनों शिवा कॉलोनी के पीछे स्थित खाली मैदान में स्मैक का सेवन करने के लिए इंजेक्शन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान नशे के इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।

पुलिस का कहना है कि विवाद के दौरान आरोपी संजय ने पहले अभय का गला दबाया और इसके बाद उसके पहने हुए लोअर के नाड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने अभय के पास मौजूद करीब 2300 रुपये और उसका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को घटनास्थल से लगभग 15 से 20 मीटर दूर स्थित गटर में फेंक दिया।

इस सनसनीखेज हत्याकांड में चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी ने खुद को संदेह से बचाने के लिए अगले दिन मृतक का मोबाइल फोन उसके बड़े भाई रवि को लौटा दिया। आरोपी ने परिजनों को बताया कि उसे मोबाइल फोन पड़ा हुआ मिला था। हालांकि मोबाइल फोन आरोपी के पास मिलने से परिजनों को पहले ही उसकी भूमिका पर संदेह होने लगा था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गटर से अभय का शव बरामद किया। इसके साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया लोअर का नाड़ा और 600 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी संजय गुप्ता का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ खटीमा कोतवाली में चोरी, बरामदगी और गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में खटीमा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले का खुलासा कर आरोपी संजय गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। वहीं युवक की हत्या का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जिस दोस्त पर अभय को भरोसा था, उसी पर उसकी हत्या का आरोप लगने से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं।