

स्थान :- हरिद्वार
रिपोर्टर :- धर्मराज


कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने हरिद्वार पहुंचकर कुंभ क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।


कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से घाटों के निर्माण, सौंदर्यीकरण, सड़क, पार्किंग, पुल, पेयजल और विद्युत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।




निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने राज्य अतिथि गृह, भगत सिंह चौक, अमरापुर घाट और नगर निगम घाट पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और उन्हें पूरा करने की निर्धारित समयसीमा के संबंध में जानकारी प्राप्त की।



इसके बाद मंडलायुक्त ने डाम कोठी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कुंभ मेले की तैयारियों से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने घाटों के अधूरे निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।



मंडलायुक्त ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, सतीद्वीप और गौरीशंकर क्षेत्र में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन अस्थायी सड़कों, पार्किंग स्थलों और पुलों से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।

बैठक के दौरान पेयजल और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी तैयारियों पर भी विशेष चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कुंभ क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाए और सभी जरूरी कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरे किए जाएं।




मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन की तैयारियों में विभागों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। किसी भी स्तर पर समन्वय की कमी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए।


उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की प्रतिदिन फोटोग्राफ सहित प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इससे प्रत्येक परियोजना की नियमित निगरानी की जा सकेगी और निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सकेगा।

मंडलायुक्त ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कुंभ-2027 की तैयारियों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे नहीं करने और जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

