

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

केंद्रीय विद्यालय रानीखेत में आयोजित राष्ट्रीय एकता पर्व के दूसरे दिन विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं और समापन समारोह के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ। देश की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाती प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम की शुरुआत एकल शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता से हुई। मंच संचालन कर रहे शांति स्वरूप ने प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। इस प्रतियोगिता में पांच विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी कला का प्रदर्शन किया।



इसके बाद प्रतीक्षा रावत और सुनीता के मार्गदर्शन में पारंपरिक कहानी कथन प्रतियोगिता आयोजित की गई। पांच विद्यालयों के प्रतिभागियों ने लोकगाथाओं और पौराणिक आख्यानों को अभिनय शैली में प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की समृद्ध विरासत को जीवंत किया।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन पंजाबी, मराठी, कुमाऊँनी और राजस्थानी कालबेलिया समूह नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ हुआ। ऊर्जा और उत्साह से भरपूर इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस सत्र का संचालन मेघा ने किया।

मध्याह्न भोजन के बाद सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और निर्णायक मंडल की उपस्थिति में औपचारिक समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन दीपक जोशी के नेतृत्व में हुआ। केंद्रीय विद्यालय बनबसा और केंद्रीय विद्यालय हल्द्वानी द्वितीय पाली के शिक्षकों राहुल और विनय ने कार्यक्रम के सफल आयोजन तथा मेजबानी के लिए केंद्रीय विद्यालय रानीखेत की सराहना की।


निर्णायक मंडल के सदस्य डी.सी. जोशी (नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत), संदीप गोरखा (हाईस्कूल चिलियानौला) एवं कथक नृत्यांगना नीमा आर्य ने प्रतिभागियों को संगीत और नृत्य की बारीकियों से अवगत कराते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य राकेश कुमार दूबे ने विजेता विद्यालयों को सम्मानित करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी और अधिक मेहनत से करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया तथा आगंतुक विद्यार्थियों और शिक्षकों से रानीखेत की सुखद यादें साथ ले जाने की अपील की। अंत में उपप्राचार्य हरिशंकर सैनी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।



