थानाध्यक्ष सुशील जोशी बने निरीक्षक, पीपिंग सेरेमनी में एसएसपी ने सजाए सितारे

थानाध्यक्ष सुशील जोशी बने निरीक्षक, पीपिंग सेरेमनी में एसएसपी ने सजाए सितारे

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हल्द्वानी में आयोजित गरिमामय पीपिंग सेरेमनी में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी को उपनिरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नत होने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसएसपी ने उनके कंधों पर निरीक्षक पद के सितारे लगाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पदोन्नति किसी भी पुलिस अधिकारी की मेहनत, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरीक्षक सुशील जोशी अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ नई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे तथा नैनीताल पुलिस की गरिमा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

निरीक्षक सुशील चन्द्र जोशी ऊधम सिंह नगर जनपद के शांतिपुरी गांव के निवासी हैं। उन्होंने 10 अक्टूबर 2001 को उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। उनकी पहली नियुक्ति जनपद हरिद्वार में हुई, जहां से उन्होंने अपने पुलिस जीवन की शुरुआत की।

वर्ष 2008 में विभागीय पदोन्नति परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वे उपनिरीक्षक बने। प्रशिक्षण के बाद उनकी पहली नियुक्ति उपनिरीक्षक के रूप में उत्तरकाशी में हुई। वर्ष 2010 में उनका स्थानांतरण नैनीताल जनपद हुआ, जहां उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर, ज्योलीकोट, मल्ला, काठगोदाम, लामाचौड़, मेडिकल और बैलपड़ाव सहित विभिन्न चौकियों में चौकी प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं।

वर्ष 2020 में उनका स्थानांतरण पिथौरागढ़ हुआ, जहां उन्होंने थानाध्यक्ष बेरीनाग और वरिष्ठ उपनिरीक्षक, कोतवाली पिथौरागढ़ के पद पर अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। इसके बाद पुनः नैनीताल लौटने पर उन्होंने विभिन्न चौकियों तथा कोतवाली बनभूलपुरा में वरिष्ठ उपनिरीक्षक के रूप में कार्य करते हुए अपनी कार्यशैली से पहचान बनाई। वर्तमान में वे थानाध्यक्ष मुखानी के पद पर कार्यरत हैं।

पीपिंग सेरेमनी के दौरान पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के वाचक रमेश सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता सहित अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने निरीक्षक सुशील जोशी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।