

स्थान : चमोली (गोपेश्वर)
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण और गुणवत्तापूर्ण संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चमोली जिला प्रशासन द्वारा संचालित ई-लाइब्रेरी युवाओं के लिए एक प्रभावी अध्ययन केंद्र बनकर उभरी है। दूरस्थ क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयारी का अवसर मिल रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहा है।


जिला प्रशासन के अनुसार ई-लाइब्रेरी में आधार कार्ड और 500 रुपये शुल्क जमा कर छात्र-छात्राएं सदस्यता प्राप्त कर सकते हैं। यहां इंटरनेट सहित अध्ययन के लिए आवश्यक सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वर्तमान में 2,600 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण हो चुका है, जबकि प्रतिदिन करीब 90 विद्यार्थी यहां नियमित अध्ययन के लिए पहुंचते हैं।



ई-लाइब्रेरी के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं में युवाओं की सफलता का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2023-24 में 11 तथा वर्ष 2024-25 में 17 अभ्यर्थियों का विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयन हुआ। वहीं वर्ष 2025-26 में अब तक 11 अभ्यर्थियों का उत्तराखण्ड पुलिस, दो का आईटीबीपी (एसएससी जीडी) तथा तीन का भारतीय सेना (अग्निवीर) में चयन हो चुका है।


ई-लाइब्रेरी में अध्ययन कर रहे छात्र अंबिका और विकास ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन और शांत अध्ययन वातावरण मिल रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिल रहा है।

जिला प्रशासन का कहना है कि युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के साथ गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थी सरकारी सेवाओं में चयनित होकर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।


