

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में इस बार भी विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने प्रदेश में 13 से 15 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की रूपरेखा साझा की है। वहीं, इस अभियान को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है।


भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 13, 14 और 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।



उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन देश के विभाजन के दौरान प्रभावित हुए लोगों और उस त्रासदी में अपने प्राण गंवाने वालों को याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह दिवस आने वाली पीढ़ियों को इतिहास के उस दौर से परिचित कराने का अवसर है।


दीप्ति रावत ने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रदेश के सभी जिलों और विभिन्न क्षेत्रों में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से पूरे राज्य में देशभक्ति का वातावरण तैयार किया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा के तिरंगा यात्रा अभियान पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे भाजपा का राजनीतिक कार्यक्रम बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी राष्ट्रवाद और तिरंगे का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा एक ओर तिरंगा यात्रा निकाल रही है, वहीं दूसरी ओर संविधान, सेना और शहीदों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कई मुद्दों पर जनता को जवाब देने के बजाय प्रतीकात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।


भाजपा और कांग्रेस के इन आरोप-प्रत्यारोपों के बीच स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रदेश में तैयारियां जारी हैं। प्रशासन और विभिन्न संगठनों की ओर से भी कार्यक्रमों को सफल बनाने की तैयारियां की जा रही हैं, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जा सके।

