
रिपोर्ट भगवान सिंह
पौड़ी गढ़वाल
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आरक्षण व्यवस्था को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल अपने समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत और जिला पंचायत राज अधिकारी से विस्तार से वार्ता की और आरक्षण में धांधली के खिलाफ अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।


कांग्रेस नेता गोदियाल ने आरोप लगाया कि आरक्षण संबंधी अधिसूचना दो बार जारी कर राज्य सरकार ने अपनी मर्जी के अनुसार आरक्षण को लागू किया है।


न्होंने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आरक्षण प्रक्रिया में पक्षपात और अंधेरगर्दी की जा रही है। गोदियाल ने दावा किया कि विशेष रूप से श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में 40 प्रतिशत से अधिक आरक्षण में अदला-बदली की गई है।


उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिलाधिकारी का तबादला क्यों किया गया। साथ ही उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी और पंचायती राज अधिकारी से जनगणना की सत्यापित प्रति भी मांगी, ताकि आरक्षण तय करने की पारदर्शिता की जांच की जा सके। गोदियाल ने चेतावनी दी कि यदि उनकी आपत्तियों का समाधान नहीं हुआ तो वह न्यायालय का रुख करेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने इस संबंध में कहा कि आरक्षण तय करते समय शासनादेश और प्राप्त आपत्तियों को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया की जानकारी कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को दे दी गई है।

इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव कविंद्र इस्टवाल, जिला अध्यक्ष विनोद नेगी, नगर अध्यक्ष भरत सिंह रावत, कार्यालय प्रभारी वीरेंद्र सिंह रावत, प्रदेश सचिव दीपक असवाल, उपेंद्र रावत, गणेश थपलियाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

