एक साल में सबसे ज्यादा छक्के: रोहित से सचिन तक, अभिषेक शर्मा ने रचा नया कीर्तिमान

एक साल में सबसे ज्यादा छक्के: रोहित से सचिन तक, अभिषेक शर्मा ने रचा नया कीर्तिमान

इंटरनेशनल क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष के दौरान सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की टॉप लिस्ट में रोहित शर्मा से लेकर महान सचिन तेंदुलकर तक शामिल हैं। अब इस सूची में युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने बड़ा कारनामा करते हुए सचिन तेंदुलकर और यशस्वी जायसवाल को पीछे छोड़ दिया है।

रोहित शर्मा का दबदबा कायम
इंटरनेशनल क्रिकेट में एक साल में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। रोहित ने साल 2023 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 80 छक्के जड़े थे। इसके अलावा उन्होंने 2019 में 78, 2018 में 74 और 2017 में 65 छक्के लगाकर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का लोहा मनवाया।

सूर्यकुमार यादव दूसरे नंबर पर
इस सूची में दूसरे स्थान पर भारतीय टी20 टीम के मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं। सूर्यकुमार ने साल 2022 में 74 छक्के जड़े थे, जबकि 2023 में उनके बल्ले से 56 छक्के निकले थे।

शुभमन गिल तीसरे स्थान पर
स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल ने साल 2023 में 58 छक्के उड़ाए थे। वह फिलहाल भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं, जबकि टी20 टीम के उपकप्तान की भूमिका भी निभा रहे हैं। हालांकि मौजूदा समय में वह टी20 फॉर्मेट में अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म की तलाश में हैं।

अभिषेक शर्मा ने लगाई लंबी छलांग
युवा ओपनर अभिषेक शर्मा इस सूची में दो स्थान की छलांग लगाकर चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। धर्मशाला में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका तीसरे टी20 मुकाबले में उन्होंने 18 गेंदों में 35 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें तीन छक्के और तीन चौके शामिल रहे।
अभिषेक शर्मा ने साल 2025 में अब तक खेले गए 20 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 53 छक्के जड़ दिए हैं। वह फिलहाल भारत के लिए सिर्फ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं।

सचिन और यशस्वी का रिकॉर्ड टूटा
अभिषेक शर्मा ने इस प्रदर्शन के साथ महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और युवा स्टार यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यशस्वी जायसवाल ने 2024 में भारत के लिए 52 छक्के लगाए थे, जबकि सचिन तेंदुलकर ने साल 1998 में 51 छक्के जड़कर यह रिकॉर्ड बनाया था।

अभिषेक शर्मा का यह प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट में नई पीढ़ी के आक्रामक बल्लेबाजों के उभार का संकेत माना जा रहा है।