काशीपुर: कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला, गिरफ्तारी की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

काशीपुर: कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला, गिरफ्तारी की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

रिपोर्ट-अज़ीम खान

लोकेशन-काशीपुर

काशीपुर में कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं कुमाऊं आईटी सेल के संयोजक रवि पपने पर बीती रात अज्ञात नकाबपोश बदमाशों द्वारा जानलेवा हमला किया गया। इस घटना से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेता रवि पपने ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार देर रात लगभग 11 बजे वह सैनिक कॉलोनी स्थित अपने आवास के बाहर सड़क किनारे स्लैब पर बैठकर मोबाइल चला रहे थे। उसी दौरान करीब आधा दर्जन नकाबपोश अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और उन्हें गालियां देते हुए अचानक हमला कर दिया। किसी तरह वह वहां से भागकर अपनी जान बचा सके।

घटना के विरोध में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधीक्षक अभय सिंह को ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान पीड़ित रवि पपने ने आरोप लगाया कि वह कांग्रेस आईटी सेल के संयोजक के रूप में सोशल मीडिया पर जनसमस्याएं उजागर करते रहे हैं, जिससे सत्तारूढ़ दल बीजेपी को असहजता हो सकती है। उन्होंने हमले के पीछे राजनीतिक साजिश की आशंका जताई है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधीक्षक अभय सिंह ने कांग्रेस नेताओं को भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

शीघ्र ही हमलावरों की गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।