


नैनीताल रोड स्थित एक नामी होटल में दिल्ली से इवेंट के लिए आई युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी होटल का जनरल मैनेजर बताया जा रहा है, जिसे पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हो चुकी है।



दिल्ली निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपनी सहेली के साथ मिलकर रामनगर और हल्द्वानी के होटलों में इवेंट मैनेजमेंट का काम करती है।



इसी दौरान रामनगर में उसकी मुलाकात रोहित नामक युवक से हुई, जो पहले एक रिज़ॉर्ट में मैनेजर था और अब हल्द्वानी के एक प्रतिष्ठित होटल का जनरल मैनेजर है।


पीड़िता के अनुसार, मंगलवार रात रोहित ने उसे हल्द्वानी बुलाकर एक होटल में इवेंट का काम सौंपा। काम खत्म होने के बाद उसने युवती को नैनीताल रोड स्थित एक अन्य होटल में ठहराया। रात में रोहित जबरन उसके कमरे में घुसा और शराब के नशे में दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।


सूचना पर भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को अस्पताल ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई।
कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार यादव ने बताया कि आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।


पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।



