स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


चोरगलिया थाना क्षेत्र के ग्राम गजेपुर में खेत के रास्ते और गूल को लेकर हुए विवाद में मारपीट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, बेंत का डंडा और कपड़े धोने की थपकी भी बरामद की है।


मामला 22 जून 2026 का है। ग्राम गजेपुर, कुँवरपुर निवासी राकेश पलड़िया ने चोरगलिया थाने में तहरीर देकर बताया था कि खेत में रास्ते और गूल को लेकर उनका आरोपियों के साथ विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गए थे।


पुलिस के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के बाद राकेश पलड़िया के सिर में नौ टांके आए थे। तहरीर के आधार पर थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 26/2026 के तहत बीएनएस की धारा 118(1) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में धारा 109 और 351(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।

चोरगलिया पुलिस टीम ने ऑपरेशन प्रहार के तहत आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करवाया और उनकी तलाश तेज कर दी।

न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद उपनिरीक्षक नीशू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम गजेपुर, पोस्ट कुँवरपुर स्थित आरोपियों के घर पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।



गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयदत्त शास्त्री पुत्र स्वर्गीय भूपाल सिंह, भैरव दत्त पुत्र जयदत्त शास्त्री, योगेश उर्फ युगल पुत्र जयदत्त शास्त्री और नवीन पुत्र बुद्धिबल्लभ के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम गजेपुर, कुँवरपुर, थाना चोरगलिया क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद 23 अगस्त को भैरव दत्त की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लोहे का पाइप, बेंत का डंडा और कपड़े धोने की थपकी बरामद की। पुलिस ने बरामद सामान को मामले की विवेचना में शामिल कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक नीशू गौतम, हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह, कांस्टेबल भारत भूषण, कांस्टेबल संदीप सिंह, महिला कांस्टेबल मीरा सिंह और महिला कांस्टेबल राजकुमारी शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और मामले की विवेचना जारी है।

