कार्बेट टाइगर रिज़र्व में नर बाघ का खूनी संघर्ष, बाघिन के दो शावकों की दर्दनाक मौत

कार्बेट टाइगर रिज़र्व में नर बाघ का खूनी संघर्ष, बाघिन के दो शावकों की दर्दनाक मौत

रिपोर्ट -: आसिफ इक़बाल
लोकेशन -: रामनगर

कार्बेट टाइगर रिज़र्व से एक हैरान कर देने वाली और दुखद घटना सामने आई है। कालागढ़ रेंज के घने जंगलों में एक नर बाघ द्वारा दो मासूम शावकों को मौत के घाट उतारने का मामला सामने आया है। यह घटना वन्यजीव प्रेमियों और पर्यावरणविदों के लिए गहरा सदमा है।

वन विभाग की टीम को नियमित गश्त के दौरान जंगल में दो शावकों के क्षत-विक्षत शव मिले, जिनकी हालत बेहद खराब थी। एक शावक का शव झाड़ियों में बिखरे हुए दांत, नाखून, खाल और हड्डियों के रूप में मिला, जबकि कुछ दूरी पर दूसरे शावक का शव भी समान स्थिति में पाया गया।

नर बाघ के हमले की पुष्टि

मौके पर जांच के दौरान वनकर्मियों को आसपास एक वयस्क नर बाघ के ताज़ा पगचिन्ह और उसकी उपस्थिति के अन्य प्रमाण मिले। इससे प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कि टेरिटोरियल संघर्ष के तहत नर बाघ ने बाघिन के शावकों को मार डाला।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, टाइगर टेरिटरी में यह व्यवहार दुर्लभ नहीं है। अक्सर ऐसा देखा गया है कि कोई नर बाघ, किसी क्षेत्र पर कब्जा जमाने के लिए बाघिन के शावकों को मार देता है, ताकि वह बाघिन को पुनः गर्भधारण के लिए प्रेरित कर सके।

कोई मानवीय हस्तक्षेप नहीं

वन विभाग की ओर से घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सघन कांबिंग और तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कहीं भी किसी मानवीय हस्तक्षेप या शिकारी गतिविधि के संकेत नहीं मिले। इससे यह स्पष्ट होता है कि यह घटना पूरी तरह से प्राकृतिक व्यवहार के अंतर्गत आती है।

शवों का पोस्टमार्टम और नष्टिकरण

घटना की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और एनटीसीए (National Tiger Conservation Authority) की गाइडलाइन के अनुसार दोनों शवों का मौके पर पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद नियमों के तहत शवों का सुरक्षित तरीके से नष्टिकरण किया गया।

विशेषज्ञों की राय

वन्यजीव विशेषज्ञों ने इस घटना को दुखद पर प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया है। उन्होंने कहा कि प्रजनन चक्र और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई में इस प्रकार की घटनाएं प्रायः सामने आती रहती हैं।

यह घटना वन्यजीवों की दुनिया में मौजूद कठोर और क्रूर वास्तविकता की एक झलक है, जिसमें प्राकृतिक चयन और सत्ता संघर्ष जीवन और मृत्यु का निर्धारण करते हैं।