

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में विशेष पूजा-अर्चना कर 19 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्री बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने ट्रांजिट कैंप में की गई तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीकरण काउंटरों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि पंजीकरण, ठहरने, भोजन और चिकित्सा जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहनी चाहिए।


सरकार द्वारा यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। ट्रांजिट कैंप में 30 पंजीकरण काउंटर और 30 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं, जो यात्रियों की सहायता और निगरानी का कार्य करेंगी।
गौरतलब है कि 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे, जिसके साथ ही चारधाम यात्रा का आधिकारिक शुभारंभ होगा।

प्रशासन का दावा है कि इस वर्ष यात्रा को पहले से अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।


