मंदिरों को बनाता था निशाना, शातिर चोर सुल्तान अहमद गिरफ्तार

मंदिरों को बनाता था निशाना, शातिर चोर सुल्तान अहमद गिरफ्तार

स्थान : रूडकी
रिपोर्ट : अरशद हुसैन

झबरेड़ा थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जो विशेष रूप से भगवान के मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी की पहचान सुल्तान अहमद पुत्र जमील अहमद, निवासी शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

सुल्तान अहमद रुड़की क्षेत्र के कई मंदिरों से भगवान की मूर्तियां और पूजा सामग्री चोरी कर चुका है। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद खुलासा हुआ कि वह सहारनपुर और देहरादून में भी मंदिरों में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। चोरी के बाद सुल्तान अहमद मूर्तियों और अन्य सामान को कबाड़ियों को बेच देता था।

बेहेड़ेकी सैदाबाद गांव से मिला सुराग

कुछ दिन पहले बेहेड़ेकी सैदाबाद गांव स्थित एक मंदिर से लड्डू गोपाल की पीतल की मूर्ति चोरी हुई थी। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए झबरेड़ा पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सुल्तान अहमद को हरियाणा के झज्जर से गिरफ्तार कर लिया।

कबाड़ी के नाबालिग बेटे से बरामद हुआ चोरी का माल

सुल्तान अहमद की निशानदेही पर पुलिस ने बेडपुर चौक स्थित एक कबाड़ी की दुकान से चोरी की गई लड्डू गोपाल की मूर्ति और अन्य मंदिरों का सामान भी बरामद कर लिया है। चोरी का सामान खरीदने के आरोप में कबाड़ी के नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुल्तान अहमद एक अत्यंत चालाक और शातिर अपराधी है। वह एक क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देकर अपना ठिकाना बदल लिया करता था, जिससे उसे पकड़ पाना मुश्किल हो जाता था।

इस गिरफ्तारी से रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में मंदिरों में हो रही चोरियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। झबरेड़ा पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्रवासियों के लिए राहत की खबर बनकर सामने आई है।