


स्थान : टिहरी गढ़वाल


आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को यादगार बनाने के उद्देश्य से जिला आयुष विभाग, नरेंद्रनगर बीते दो महीनों से लगातार जिलेभर में विविध कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहा है। इसी क्रम में ‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम के तहत कुमारखेड़ा बाईपास से पालिका के रामलीला मैदान तक एक 2 किलोमीटर की ओपन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।



इस कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुर्वेदिक/यूनानी अधिकारी डॉ. सुभाष चंद एवं अपर जिला आयुर्वेदिक/यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना डंगवाल के निर्देशन में किया गया। दौड़ प्रतियोगिता में नगर की महिलाओं व पुरुषों सहित युवाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।


दौड़ प्रतियोगिता के परिणाम:
- बालिका वर्ग में
- प्रथम स्थान – साक्षी
- द्वितीय स्थान – रिया
- तृतीय स्थान – शिवानी
- बालक वर्ग में
- प्रथम स्थान – ललित
- द्वितीय स्थान – गौरव
- तृतीय स्थान – अंशुल


दोनों वर्गों में दौड़ में शीर्ष पांच स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, मोमेंटो, और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।


दौड़ के समापन के बाद पालिका के रामलीला मैदान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी, जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डॉ. सुरेश चंद, और अपर जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना डंगवाल ने प्रतिभागियों को संबोधित किया।



उन्होंने योग को निरोग रहने की एक प्राकृतिक कला बताया और कहा कि योग न केवल शरीर और मन के बीच संतुलन बनाता है, बल्कि यह मानसिक, शारीरिक, आध्यात्मिक और अनुशासनात्मक विकास में भी सहायक होता है।


इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवक-युवतियों, बच्चों और बुजुर्गों ने भाग लिया और योग के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय योगदान दिया।




