राष्ट्रीय खेलों में मेडल जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों को जल्द मिलेगा नगद इनाम

राष्ट्रीय खेलों में मेडल जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों को जल्द मिलेगा नगद इनाम

स्थान : देहरादून
रिपोर्ट : सचिन कुमार

38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है। प्रदेश सरकार ने उन्हें मिलने वाली नगद इनाम राशि के भुगतान की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके लिए शासन की ओर से 15 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है।

इस बात की जानकारी खेल मंत्री रेखा आर्या ने दी। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने और सम्मान देने के उद्देश्य से सरकार ने इस बार नगद इनाम राशि को दोगुना कर दिया है।

अब तक की सबसे बड़ी इनाम राशि

खेल मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में अब तक किसी भी राज्य द्वारा स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं को इतनी बड़ी नगद इनाम राशि नहीं दी गई है, जितनी उत्तराखंड सरकार द्वारा दी जा रही है।

240 खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ

रेखा आर्या ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में प्रदेश के लिए पदक जीतने वाले करीब 240 खिलाड़ियों को इनाम दिया जाएगा। जल्द ही इन सभी खिलाड़ियों के खातों में इनाम की राशि ट्रांसफर की जाएगी।

खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोत्साहन

खेल मंत्री ने यह भी कहा कि यह निर्णय प्रदेश के खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने और आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है।

प्रदेश सरकार की इस पहल की खेल जगत में सराहना हो रही है और इससे भविष्य में युवाओं का रुझान खेलों की ओर और अधिक बढ़ने की संभावना है।