


स्थान : हरिद्वार
रिपोर्ट : मनोज कश्यप


हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में रेहड़ी-पटरी और लघु व्यापारियों को उत्तराखंड नगरी फेरी नीति नियमावली के तहत व्यवस्थित रूप से स्थापित करने के लिए नगर निगम ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी उद्देश्य को लेकर नगर निगम आयुक्त नंदन कुमार की अध्यक्षता में नगर आयुक्त कार्यालय में फेरी समिति की बैठक आयोजित की गई।



महिला वेंडर्स को भी मिलेगा उचित स्थान
बैठक में फेरी समिति प्रभारी अधिकारी सहायक नगर आयुक्त महेंद्र यादव द्वारा पांच बिंदुओं पर आधारित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसमें पहला बिंदु भगत सिंह चौक से सेक्टर 2 बैरियर तक वेंडिंग जोन को व्यवस्थित करने का था। साथ ही रोड़ी बेलवाला महिला पिक वेंडिंग जोन की महिलाओं को भी उचित स्थान देने के लिए कमेटी का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्षता स्वयं महेंद्र यादव करेंगे।


घाटों और पुलों को घोषित किया जाएगा नो वेंडिंग जोन
बैठक में निर्णय लिया गया कि गंगा घाटों के सभी पुलों को नो वेंडिंग जोन घोषित किया जाएगा और इन्हें अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। यह कदम श्रद्धालुओं की सुविधा और घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।


2018 में पंजीकृत सभी वेंडर्स को किया जाएगा शामिल
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्य 12 वेंडिंग जोन का पुनः सर्वे कराकर वर्ष 2018 में पंजीकृत सभी स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारियों को इन जोनों में समाहित किया जाए। इस संबंध में आगामी चार सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

आगामी बैठक में लिए जाएंगे और निर्णय
फेरी समिति की अगली बैठक में प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्य योजना तैयार की जाएगी ताकि वेंडर्स को स्थायी और सम्मानजनक स्थान मिल सके और शहर में व्यवस्था बनाए रखी जा सके।



यह पहल हरिद्वार में संगठित स्ट्रीट वेंडिंग व्यवस्था की ओर एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल छोटे व्यापारियों को राहत मिलेगी बल्कि शहर की सौंदर्यता और कानून व्यवस्था में भी सुधार होगा।



