नैनीताल जिले में किरायेदारों के सत्यापन को लेकर पुलिस का सख्त रुख

नैनीताल जिले में किरायेदारों के सत्यापन को लेकर पुलिस का सख्त रुख

रिपोर्ट : पंकज सक्सेना
स्थान : नैनीताल

नैनीताल जिले में किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक गली-मोहल्लों में घर-घर जाकर जांच कर रही हैं।

इसी क्रम में कोतवाली पुलिस, अर्धसैनिक बल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने पुलिस अधीक्षक नितिन लोहानी के नेतृत्व में राजपुरा और बार्शी कॉलोनी में सघन सत्यापन अभियान चलाया। अभियान में जिन मकान मालिकों ने अपने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया, उनके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत 10,000 रुपये तक के चालान किए गए।

चेतावनी के साथ कार्रवाई

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाहरी व्यक्तियों या किरायेदारों का सत्यापन न कराने पर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ आर्थिक दंड भी भुगतना पड़ेगा। क्षेत्रीय पुलिस अधीक्षक नितिन लोहानी ने कहा कि यह अभियान तब तक चलेगा जब तक पूरे हल्द्वानी और नैनीताल जिले का शत-प्रतिशत सत्यापन नहीं हो जाता।

सुरक्षा के लिए जरूरी है सत्यापन

पुलिस का मानना है कि किरायेदार सत्यापन के जरिए असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने किरायेदारों, घरेलू सहायकों और बाहरी लोगों का सत्यापन तत्काल नजदीकी थाने में कराएं, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचाव सुनिश्चित हो सके।

इस व्यापक अभियान के जरिए पुलिस न केवल अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में काम कर रही है, बल्कि सामुदायिक सुरक्षा को भी प्राथमिकता दे रही है।