नैनीताल जिला योजना को मंजूरी, 7018.90 लाख रुपये के बजट पर मुहर

नैनीताल जिला योजना को मंजूरी, 7018.90 लाख रुपये के बजट पर मुहर

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

जनपद प्रभारी मंत्री खजान दास की अध्यक्षता में शनिवार को प्रसार प्रशिक्षण केंद्र सभागार, बागजाला में जिला योजना समिति नैनीताल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹7018.90 लाख की जिला योजना को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।

बैठक से पूर्व जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए प्रस्तावित जिला योजना की विस्तृत जानकारी सदन में प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों और चालू विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए रोजगारपरक योजनाओं को शामिल किया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने विभागवार प्रस्तावित बजट को सदन के समक्ष अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया। बैठक में कुल 37 विभागों के बजट को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृति प्रदान की गई।

प्रभारी मंत्री खजान दास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला योजना के अंतर्गत आवंटित धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग समय पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वीकृत योजनाओं के तहत पूरी धनराशि का उपयोग इसी वित्तीय वर्ष में अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पर्यटन सीजन और कैंचीधाम यात्रा को देखते हुए विशेष निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पार्किंग, यातायात और अन्य व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।

साथ ही सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। जल जीवन मिशन से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को त्वरित समाधान के आदेश दिए।

बैठक में कुल ₹70 करोड़ 18 लाख 90 हजार की जिला योजना को मंजूरी दी गई, जिसमें लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, युवा कल्याण, सिंचाई, उद्यान, पशुपालन, नलकूप और कृषि विभाग सहित कई प्रमुख विभाग शामिल रहे।

बैठक में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, कई विधायक, अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।