

स्थान : गदरपुर
रिपोर्टर : रिज़वान अली

उधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र स्थित गूलरभोज इलाके में जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर बनी कई संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई तड़के सुबह भारी पुलिस बल और सिंचाई विभाग की टीम की मौजूदगी में की गई।


जानकारी के अनुसार, ठंडा नाल गांव क्षेत्र में सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध रूप से तीन धार्मिक संरचनाएं बनाई गई थीं। प्रशासन ने लंबे समय से इन पर नजर रखी हुई थी और पहले सर्वे के बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।


बताया जा रहा है कि नोटिस अवधि के दौरान भी अतिक्रमणकारियों की ओर से कोई वैध भूमि दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई और अवैध निर्माण को हटाने का निर्णय लिया।


सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में कुछ पक्षों ने न्यायालय का भी रुख किया था, लेकिन हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली। वहीं सुप्रीम कोर्ट से संबंधित अन्य मामलों में स्थगन आदेश मिलने के बावजूद इन संरचनाओं पर कोई रोक लागू नहीं थी, जिसके चलते प्रशासन ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

कार्रवाई के दौरान सिंचाई विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। इस दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और एहतियातन आसपास के लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई। प्रशासन ने मीडिया की उपस्थिति को भी सीमित रखा।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है, हालांकि स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।


