मां गंगा की उत्सव डोली मुखवा से गंगोत्री धाम रवाना, चारधाम यात्रा की शुरुआत तेज

मां गंगा की उत्सव डोली मुखवा से गंगोत्री धाम रवाना, चारधाम यात्रा की शुरुआत तेज

स्थान : उत्तरकाशी
ब्यरो रिपोर्ट

चारधाम यात्रा की पावन परंपरा के तहत मां गंगा की उत्सव डोली उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गई। इस धार्मिक अवसर पर क्षेत्र में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

डोली यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु, पुजारी और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्तों ने मां गंगा के जयकारे लगाए और वातावरण भक्तिमय हो गया।

मुखवा गांव में डोली के प्रस्थान से पूर्व पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने भावुक माहौल में मां गंगा की डोली को विदाई दी।

गंगोत्री धाम के कपाट कल निर्धारित शुभ मुहूर्त में विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खोले जाएंगे। कपाट खुलते ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दर्शन प्रारंभ हो जाएंगे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था, सुरक्षा बलों की तैनाती और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से चारधाम यात्रा का लाभ उठाएं।