खटीमा रेंज में फिर अवैध पेड़ कटान का मामला, चार पेड़ काटे जाने के आरोप से उठे सवाल

खटीमा रेंज में फिर अवैध पेड़ कटान का मामला, चार पेड़ काटे जाने के आरोप से उठे सवाल

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर – अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा वन क्षेत्र में अवैध पेड़ कटान का मामला एक बार फिर सामने आया है। कुछ दिन पहले 16 पेड़ों के कटान की पुष्टि के बाद अब चकरपुर वन चौकी क्षेत्र में कथित रूप से पेड़ों के अवैध कटान का नया मामला चर्चा में है। इस मामले में मौके की स्थिति और अधिकारियों को दी गई जानकारी में अंतर होने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, खटीमा रेंज के अंतर्गत चकरपुर वन चौकी क्षेत्र में कुछ पेड़ों के कटे होने की सूचना सामने आई है। मौके से सामने आए वीडियो और लोकेशन फोटो में चार कटे हुए पेड़ों के अवशेष दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग के कर्मचारियों ने उच्च अधिकारियों को केवल दो पेड़ों के कटान की जानकारी दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे ठूंठ और कटे हुए पेड़ों के अवशेष पूरे मामले की अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं। आरोप है कि कटान के बाद लकड़ी को मौके से हटा दिया गया, जिससे यह सवाल खड़ा हो रहा है कि बिना लकड़ी बरामद किए कटान की कार्रवाई किस आधार पर की गई।

मामले को लेकर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि कटे हुए पेड़ों के ठूंठों को जलाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। वहीं, सामने आई लोकेशन फोटो में 6 जुलाई की तारीख दिखाई देने की बात कही जा रही है, जिससे घटना के समय और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

वहीं, खटीमा की एसडीओ संचिता वर्मा ने बताया कि मामले में दो सूखे और गिरे हुए पेड़ों के कटान की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि कटे हुए पेड़ों की लकड़ी मौके से बरामद कर सुरक्षित स्थान पर रखी गई है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

हालांकि, स्थानीय लोगों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के बाद वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई हो।

अब देखने वाली बात होगी कि वन विभाग इस मामले में केवल विभागीय कार्रवाई तक सीमित रहता है या फिर आरोपों की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच कर वास्तविक दोषियों तक पहुंचने की कोशिश करता है।