स्थान : लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट


लालकुआं में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर को लेकर मतदाताओं को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है।


नवीन दुम्का ने कहा कि विपक्षी दल एसआईआर के मुद्दे को राजनीतिक रूप देकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल लोगों को गुमराह कर इस मुद्दे पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं।


भाजपा नेता ने कहा कि एसआईआर की शुरुआत के दौरान प्रक्रिया को लेकर कुछ आशंकाएं जरूर थीं, लेकिन राज्य सरकार, सरकारी मशीनरी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने दावा किया कि अभियान को युद्ध स्तर पर चलाकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है।


उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों को प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का काम किया, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

नवीन दुम्का ने दावा किया कि अब तक एसआईआर का 80 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। उनके अनुसार प्रक्रिया के दौरान आम जनता को किसी तरह की बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा है और संबंधित स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया।

वोट कटने के विपक्ष के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए दुम्का ने कहा कि एसआईआर के तहत केवल उन्हीं नामों को हटाया गया है, जो अलग-अलग स्थानों पर दर्ज थे। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर वैध रूप से दर्ज मतदाताओं के नाम सुरक्षित हैं।



उन्होंने दावा किया कि एसआईआर की प्रक्रिया में किसी भी व्यक्ति के वैध मताधिकार को प्रभावित नहीं किया गया है। भाजपा नेता ने कहा कि मतदाता सूची को व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जा रही है।
दुम्का ने मतदाताओं से अपील की कि वे एसआईआर को लेकर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की जानकारी के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की जानी चाहिए।

भाजपा नेता ने कहा कि मतदाता सूची का सही और पारदर्शी होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विपक्ष से भी अपील की कि वह राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय जनता को सही जानकारी देने में सहयोग करे और एसआईआर को लेकर अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा न करे।

