राजाजी टाइगर रिजर्व के बिल्केश्वर जंगल में मादा हथनी का शव मिलने से मचा हड़कंप

राजाजी टाइगर रिजर्व के बिल्केश्वर जंगल में मादा हथनी का शव मिलने से मचा हड़कंप

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की हरिद्वार बीट के बिल्केश्वर जंगल में एक मादा हथनी का शव मिलने से पार्क प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पार्क के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही वेटरनरी डॉक्टरों की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।

मौके पर पहुंची टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मादा हथनी के शव का पोस्टमार्टम कराया, ताकि उसकी मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि पहाड़ी से गिरने के कारण हथनी की मौत हुई होगी।

हालांकि, अभी तक हथनी की मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पोस्टमार्टम के बाद शव को दफनाया

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मादा हथनी के शव को नियमानुसार दफना दिया गया। फिलहाल पार्क प्रशासन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ पाएगी।

राजाजी टाइगर रिजर्व के बिल्केश्वर जंगल में हुई इस घटना के बाद वन विभाग की नजर जांच से जुड़ी जानकारी पर बनी हुई है।