देवप्रयाग में यूकेडी की जन जागरण रैली, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का उठा मुद्दा

देवप्रयाग में यूकेडी की जन जागरण रैली, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का उठा मुद्दा

स्थान : देवप्रयाग
ब्यूरो रिपोर्ट

टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियों को तेज करते हुए जन जागरण रैली निकाली। बड़ी संख्या में यूकेडी कार्यकर्ता कीर्तिनगर के ढूंढप्रयाग स्थित ब्लॉक कार्यालय के समीप एकत्र हुए, जहां पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जय प्रकाश और संरक्षक पूरण सिंह कठैत ने कार्यालय का उद्घाटन किया।

कार्यालय उद्घाटन के बाद ढूंढप्रयाग से राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए कीर्तिनगर मुख्य बाजार तक जन जागरण रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हिस्सा लिया। हाथों में तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर नारे लगाए।

रैली के बाद कीर्तिनगर में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। सभा में यूकेडी नेताओं ने राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात और उत्तराखंड से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर अपने विचार रखे। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय मुद्दों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

यूकेडी संरक्षक एवं देवप्रयाग विधानसभा सीट से संभावित प्रत्याशी पूरण सिंह कठैत ने कहा कि पार्टी जल, जंगल और जमीन के मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मूल सवालों को लेकर यूकेडी अपना संघर्ष जारी रखेगी।

पूरण सिंह कठैत ने कहा कि यदि 2027 में यूकेडी सत्ता में आती है तो सबसे पहले गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहाड़ के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना, पलायन रोकना और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना पार्टी की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होगा।

यूकेडी के कार्यकारी अध्यक्ष जय प्रकाश ने कहा कि इस बार प्रदेश की जनता का रुझान क्षेत्रीय दल की ओर दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में युवा यूकेडी से जुड़ रहे हैं और पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।

जय प्रकाश ने कहा कि पूर्व में यूकेडी में महिलाओं की भागीदारी अपेक्षाकृत कम दिखाई देती थी, लेकिन अब मातृशक्ति भी पार्टी के साथ मजबूती से जुड़ रही है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय दिवाकर भट्ट की कर्मभूमि देवप्रयाग में यूकेडी आगामी चुनाव में बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मंगल सिंह नेगी, सतेंद्र भट्ट, ब्लॉक अध्यक्ष रघुवीर पंवार, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष सते सिंह पुंडीर और युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष केशव रावत समेत अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। नेताओं ने पार्टी की नीतियों और आगामी योजनाओं की जानकारी जनता के सामने रखी।

कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय प्रवक्ता युवा प्रकोष्ठ अरुण नेगी ने किया। इस दौरान ग्राम प्रधान मुसान गांव मनीषा देवी, ग्राम प्रधान मलेथा रश्मि देवी, देवेश्वरी देवी, रचना, राखी, रजनी देवी, अचल नेगी, शोभा देवी सहित बड़ी संख्या में यूकेडी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। रैली और जनसभा के माध्यम से पार्टी ने देवप्रयाग क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी सक्रियता का संदेश दिया।