

ब्यूरो रिपोर्ट


भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड दौरे पर होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। चयनकर्ताओं ने अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वनडे टीम में वापसी कराई है, जबकि पूर्व कप्तान विराट कोहली को भी टीम में शामिल किया गया है। हालांकि उनकी उपलब्धता फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगी।


इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम पहले पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी, जिसके बाद तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। टी-20 टीम का ऐलान पहले ही किया जा चुका था, जबकि अब वनडे स्क्वॉड भी घोषित कर दिया गया है।


वनडे टीम की सबसे बड़ी खबर जसप्रीत बुमराह की वापसी है। बुमराह ने आखिरी बार वर्ष 2023 के वनडे विश्व कप फाइनल में भारत के लिए 50 ओवर का मुकाबला खेला था। लंबे समय बाद उनकी वापसी से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।


चोट से उबर रहे विराट कोहली को भी टीम में जगह दी गई है। हालांकि चयनकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि वह फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद ही सीरीज में हिस्सा ले सकेंगे। उनकी फिटनेस पर टीम प्रबंधन की नजर बनी हुई है।
ऑलराउंडर अक्षर पटेल की भी वनडे टीम में वापसी हुई है। वहीं कुछ युवा खिलाड़ियों को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है। हाल ही में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को स्क्वॉड से बाहर रखा गया है।

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, उपकप्तान श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।


भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जुलाई को बर्मिंघम में खेला जाएगा। दूसरा वनडे 16 जुलाई को कार्डिफ में और तीसरा तथा अंतिम मुकाबला 19 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर आयोजित होगा।
दूसरी ओर, स्पिनर वरुण चक्रवर्ती आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। वह फिलहाल बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पुनर्वास प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित टीम से भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को एक मजबूत और संतुलित प्रदर्शन की उम्मीद है।

