स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट


भीमताल से विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। मंत्री ने करायल, सिरायल, गरगड़ी, टीमर, बड़ौन, खनश्यू, कालाआगर, गलनी और चमोली समेत कई क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद किया।


दौरे के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री कैड़ा के समक्ष बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य समेत विभिन्न समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की।


ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मौके से ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।


मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुए मोटर मार्गों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए।


उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा का काम करती हैं। ऐसे में आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाना जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन और आवश्यक सेवाओं के लिए परेशानियों का सामना न करना पड़े।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है और आम जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने के साथ योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।




उन्होंने कहा कि क्षेत्र की हर समस्या का समाधान हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जहां सड़कें खराब हैं, वहां उन्हें ठीक कराया जा रहा है। साथ ही विधानसभा क्षेत्र के गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में भी काम किया गया है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बिजली, पानी, स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

मंत्री राम सिंह कैड़ा के गांवों के दौरे के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे उनके सामने रखीं। मंत्री ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार जनता के साथ खड़ी है और क्षेत्र के विकास के साथ आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

