अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चंदन अस्पताल का योग एवं स्वास्थ्य शिविर, 150 लोगों ने लिया लाभ

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चंदन अस्पताल का योग एवं स्वास्थ्य शिविर, 150 लोगों ने लिया लाभ

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर
: संजय जोशी

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चंदन अस्पताल के सौजन्य से आयोजित योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में करीब 150 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया और योग के महत्व को समझा।

योग प्रशिक्षक प्रियंका और उनकी टीम के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया। योग सत्र के दौरान शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने वाले कई महत्वपूर्ण आसनों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के साथ-साथ चंदन अस्पताल द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में लोगों की रक्तचाप (बीपी), शुगर, ऑक्सीजन स्तर (एसपीओ₂), ऊंचाई और वजन की जांच की गई। इसके अलावा पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी) जैसी विशेष जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने जांच कराकर अपने स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की। अस्पताल प्रबंधन की ओर से प्रतिभागियों को प्रिविलेज हेल्थ कार्ड भी वितरित किए गए, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

इस अवसर पर चंदन अस्पताल के इमरजेंसी हेड डॉ. मुनीब और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. निखत ने स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और संतुलित जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी मौजूद रहे। उन्होंने योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चंदन अस्पताल के प्रयासों की सराहना की।

चंदन अस्पताल के सीईओ परवेज अहमद ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त और ऊर्जावान बनाए रखने में मदद करता है।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।