भीमताल में एमयूवाई चौपाल का शुभारंभ, ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर

भीमताल में एमयूवाई चौपाल का शुभारंभ, ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

सरोवर नगरी से करीब 22 किलोमीटर दूर विकास भवन भीमताल में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY) के व्यापक प्रचार-प्रसार और ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एमयूवाई चौपाल का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में इच्छुक उद्यमियों को प्रशिक्षण, क्षमता वर्धन, वित्तीय सहायता और मार्केट लिंकेज से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल जोशी और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में ग्रामीण उद्यमिता को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर उद्यमियों को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन सुना।

मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए महिलाओं को आर्थिक रूप से और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ से आगे बढ़कर ‘करोड़पति दीदी’ बनने के लक्ष्य की दिशा में प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

ग्रामीण क्षेत्रों में योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए अतिथियों ने आईईसी जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से संबंधित जानकारियां आमजन, युवाओं, महिलाओं और इच्छुक उद्यमियों तक पहुंचाएगी।

एमयूवाई चौपाल में क्षेत्र के करीब 80 से 100 स्थानीय उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों को उद्यम स्थापना, प्रशिक्षण, क्षमता विकास, वित्तीय सहायता और बाजार से जुड़ाव की सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान स्थानीय उद्यमियों ने अपने अनुभव और सफलता की कहानियां भी साझा कीं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, एनआरएलएम और ग्रामोत्थान योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए। अतिथियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों की सराहना की और उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।

अधिकारियों ने बताया कि एमयूवाई चौपाल के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यम स्थापना से जुड़ी सेवाओं को सीधे गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जनपद नैनीताल में आयोजित कार्यक्रम में कुल 65 प्रतिभागियों की सहभागिता रही, जिन्हें प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, क्षमता विकास और विपणन सुविधाओं की जानकारी दी गई।

अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता की संस्कृति विकसित करना, स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और युवाओं तथा महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है। चौपाल में एनआरएलएम, REAP, RSETI, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, बीएमएम, एबीडीओ, आईपीआरपी, RSETI फैकल्टी और REAP के कर्मचारी मौजूद रहे।