रानीखेत सीमान्त मुख्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया

रानीखेत सीमान्त मुख्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया

स्थान – रानीखेत
रिपोर्टर – संजय जोशी

सीमान्त मुख्यालय रानीखेत में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि परीक्षित बेहरा, उप महानिरीक्षक सीमान्त मुख्यालय ने शहीद स्मारक पर राष्ट्र के लिए अपने सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सैनिकों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उप महानिरीक्षक ने ध्वजारोहण किया और सैन्य टुकड़ी ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

उप महानिरीक्षक ने सभी अधिकारियों, कार्मिकों और उनके परिजनों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर उन्होंने श्री संजय सिंघल, भा.पु.से. महानिदेशक सशस्त्र सीमा बल का संदेश भी पढ़कर सुनाया।

इस अवसर पर उप महानिरीक्षक ने बल की विगत वर्ष की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बल अपने आदर्श वाक्य ‘सेवा, सुरक्षा, बंधुत्व’ से प्रेरित होकर सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी भी बखूबी निभा रहा है।

वर्ष 2025-26 में मानव तस्करी से संबंधित 26 मामले दर्ज किए गए, जिसमें 28 पीड़ितों को छुड़ाया गया और 18 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसी अवधि में रानीखेत सीमान्त के अंतर्गत कुल 248 सीज़र किए गए, जिनमें भारतीय एवं विदेशी मुद्रा, मादक पदार्थ, वन्य उत्पाद और अन्य निषिद्ध वस्तुएँ बरामद की गईं।

साथ ही सीमांत क्षेत्रों में 35 मानव चिकित्सा शिविर और 148 पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। सामुदायिक विकास एवं कल्याण के तहत 30 प्रशिक्षण शिविरों में मोटर ड्राइविंग, ब्यूटीशियन और कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किए गए, जिससे सीमांत क्षेत्र के नागरिक लाभान्वित हुए।

खेलकूद में भी रानीखेत सीमान्त ने विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समारोह के दौरान उप महानिरीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को महानिदेशक प्रशंसा पत्र, डिस्क और आंतरिक सुरक्षा पदक से अलंकृत किया। इस वर्ष 5 अधिकारियों और 10 जवानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह राष्ट्रभक्ति और अनुशासन के माहौल में संपन्न हुआ।