हर की पैड़ी के पास गंगा में बहा युवक, सर्च ऑपरेशन जारी

हर की पैड़ी के पास गंगा में बहा युवक, सर्च ऑपरेशन जारी

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

हरिद्वार में हर की पैड़ी के पास स्थित सुभाष घाट पर बड़ा हादसा हो गया। देर रात गंगा में स्नान करते समय 27 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।

लापता युवक की पहचान उत्सव जोहरी के रूप में हुई है, जो दिल्ली से हरिद्वार घूमने आया था। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान अचानक तेज धारा में फंसने से वह संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते गंगा के बहाव में बह गया।

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक को गंगा के तेज बहाव में बहते हुए देखा जा सकता है, जिसके बाद यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया और गोताखोरों की टीम को भी तलाश में लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार युवक की तलाश लगातार जारी है। गंगा के तेज बहाव को देखते हुए सर्च ऑपरेशन में काफी सावधानी बरती जा रही है और आसपास के घाटों पर भी नजर रखी जा रही है।

इस हादसे के बाद युवक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन बेहद सदमे में हैं और लगातार प्रशासन से जल्द से जल्द युवक को खोजने की गुहार लगा रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय पूरी सावधानी बरतें और निर्धारित सुरक्षा सीमाओं के भीतर ही रहें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।