जनपद में भारी बर्फबारी से मार्ग अवरुद्ध, प्रशासन ने यातायात सुचारू करने के लिए युद्धस्तर पर किया कार्य

जनपद में भारी बर्फबारी से मार्ग अवरुद्ध, प्रशासन ने यातायात सुचारू करने के लिए युद्धस्तर पर किया कार्य

स्थान – उत्तरकाशी
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद में हुई भारी बर्फबारी के कारण कई स्थानों पर सड़कें बाधित हुई हैं। इसमें 2 राष्ट्रीय राजमार्ग और 16 लिंक मार्ग बर्फ की चादर में ढके हुए हैं। इन मार्गों को सुचारु रूप से खोलने का कार्य मशीनों और जेसीबी के माध्यम से लगातार जारी है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल, चोरंगी खाल में जमकर बर्फबारी हो रही है। लंबे इंतजार के बाद प्राकृतिक उपहार के रूप में बर्फबारी ने पर्यटकों में उत्साह तो पैदा किया है, लेकिन रोजमर्रा के कामकाज के लिए यह चुनौती भी बन रही है। विशेष रूप से विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चोरंगी खाल में बड़ी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम लगातार कार्यरत है।

शीतकालीन यात्रा पर आए पर्यटक और सैलानियों की मुसीबत बढ़ गई है। इस समय लगभग 4600 यात्री ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फंसे हुए हैं। उनके लिए जिला प्रशासन द्वारा रहने और खाने की सुविधा सुनिश्चित की जा रही है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के अनुपालन में, लोक निर्माण विभाग, बीआरओ और आपदा प्रबंधन की टीमें भारी मशीनों के साथ निरंतर कार्य कर रही हैं।

प्रतिकूल मौसम और विषम परिस्थितियों के बावजूद प्रशासन का प्राथमिक लक्ष्य आवागमन को जल्द से जल्द सामान्य बनाना है, ताकि आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति बाधित न हो और स्थानीय नागरिक एवं पर्यटक असुविधा का सामना न करें।

इस प्रकार प्रशासन ने बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा, यातायात और आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति को प्राथमिकता दी है।