लोहाघाट में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था पर मंथन, 1 जनवरी को बुलाई गई सर्वदलीय आम बैठक

लोहाघाट में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था पर मंथन, 1 जनवरी को बुलाई गई सर्वदलीय आम बैठक

स्थान – लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्ट

लोहाघाट नगर में यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से 18 दिसंबर से मीना बाजार तिराहे से जयंती भवन तक प्रयोग के तौर पर लागू की गई वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जहां एक ओर नगर के व्यापारी और कई जनप्रतिनिधि इस व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं, वहीं आम जनता का एक वर्ग इसे ट्रैफिक जाम से राहत के रूप में देख रहा है।

वन-वे व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पहले ही धरना दे चुके हैं। वहीं इस व्यवस्था को पूर्ववत स्कूल समय में लागू करने की मांग को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महरा, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुभाष बगोली और लोहाघाट व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया ने एसपी चंपावत अजय गणपति से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा।

इस संबंध में एसपी चंपावत अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था फिलहाल केवल प्रयोग के तौर पर लागू की गई है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को लेकर व्यापारियों और कुछ जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है, लेकिन आम नागरिकों के बीच इसका सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिल रहा है। पुलिस द्वारा जनता की राय जानने के लिए सर्वे कराया जा रहा है

एसपी ने जानकारी दी कि 01 जनवरी 2026 को नगर पालिका सभागार, लोहाघाट में एक आम बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नगर के आम नागरिक, व्यापारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ट्रांसपोर्टर शामिल होंगे। इस बैठक में सभी पक्षों की राय सुनने के बाद ही वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

एसपी अजय गणपति ने नगर के बुद्धिजीवी वर्ग, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में बैठक में शामिल होकर अपनी बहुमूल्य राय देने की अपील की है।

फिलहाल, लोहाघाट में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर माहौल गर्म है और 1 जनवरी की बैठक पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।