
रिपोर्ट भगवान सिंह
पौड़ी गढ़वाल
पौड़ी में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद नेगी ने एक प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सरकार के चार साल के कार्यकाल को “निराशाजनक और दिखावटी उपलब्धियों से भरा” करार दिया और कहा कि जनता को झूठे प्रचार के माध्यम से गुमराह किया जा रहा है।


नेगी ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी और पलायन की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, और सरकार की नीतियों की विफलता के चलते युवाओं में भारी निराशा है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं, लेकिन सरकार अपने कार्यकाल को उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत कर रही है।



“सरकार को जनता से माफी मांगनी चाहिए”
नेगी ने कहा कि सरकार को अपनी नीतिगत विफलताओं के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में खनन और भूमाफियाओं को खुला संरक्षण मिला हुआ है, जिससे पारदर्शिता और सुशासन के दावों पर सवाल उठते हैं।
भर्ती घोटाले और कर्मचारियों की उपेक्षा पर तीखा हमला


कांग्रेस नेता ने भर्ती घोटाले को युवाओं के साथ “क्रूर मजाक” बताते हुए कहा कि सरकार उपनल, आशा और आंगनबाड़ी कर्मियों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। साथ ही पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहे कर्मचारियों की उपेक्षा सरकार की “जनविरोधी मानसिकता” को दर्शाती है।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर भी सवाल

विनोद नेगी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में सरकार की “चुप्पी” पर भी सवाल उठाया और कहा कि इससे न्यायिक व्यवस्था पर जनता का विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा की “भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस” नीति केवल दिखावा है और जनता अब इसके वास्तविक स्वरूप को पहचान चुकी है।
“आने वाले चुनावों में जवाब देगी जनता”

प्रेस वार्ता के अंत में नेगी ने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में जनता भाजपा सरकार को सबक सिखाएगी, और कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी।

