
स्थान : लोहारघाट
ब्यरो रिपोर्ट

जिले के सबसे अधिक ओपीडी वाले लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा मिलने के बावजूद अभी तक पूरी सुविधा नहीं मिल पाई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के बाद अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। इसके चलते अस्पताल को नए भवन की सख्त जरूरत महसूस की जा रही है।


स्थानीय लोग लंबे समय से पुराने भवन को तोड़कर नए भवन निर्माण की मांग कर रहे हैं। अस्पताल में चिकित्सकों के बैठने के लिए पर्याप्त कक्ष नहीं हैं, जबकि वर्तमान में नौ विशेषज्ञ चिकित्सक अस्पताल में तैनात हैं। इस अस्पताल पर तीन ब्लॉकों की जनता निर्भर रहती है।


अस्पताल में सिर्फ दो बार्ड मरीजों के लिए बनाए गए हैं। भीड़ बढ़ने पर एक बेड पर दो-दो मरीजों को सुलाना पड़ता है। जच्चा-बच्चा वार्ड में भी जगह की काफी कमी है। जनता ने शासन और प्रशासन से नए भवन निर्माण और उप जिला चिकित्सालय की पूरी सुविधा देने की मांग की है।


लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विराज राठी ने बताया कि अस्पताल की ओपीडी प्रतिदिन 300 से 400 मरीजों के बीच रहती है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी नहीं है, लेकिन जगह की कमी के कारण चिकित्सकों और मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
डॉ राठी ने बताया कि वर्तमान में ओटी, डॉक्टर्स हॉस्टल और लैब का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद अस्पताल में सुविधाओं में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
उन्होंने आगे कहा कि अस्पताल भवन निर्माण की मांग को लेकर शासन और प्रशासन को पत्र लिखा गया है। स्वीकृति मिलते ही पुराने भवन को तोड़कर नए अस्पताल भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

जनता ने अधिकारियों से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द नए भवन निर्माण और उप जिला चिकित्सालय की सुविधाओं को बढ़ाया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर और सुविधाजनक इलाज मिल सके।

