
स्थान : भीमताल
ब्यरो रिपोर्ट

भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने गैरसैण में चल रहे बजट सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही में अपनी विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी समस्याओं को गंभीरता से उठाया। विधायक कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है।


विधायक ने बताया कि इन इलाकों के लोगों को इलाज के लिए हल्द्वानी या नैनीताल जाना पड़ता है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा, ढोलीगांव, पहाड़पानी और रामगढ़ का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन करना तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी और भीमताल का उप-चिकित्सालय में उच्चीकरण करना अत्यंत आवश्यक है।

विधायक ने सदन में यह भी कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बडौन, कैड़ागांव, ककोड, गौनियारों और भटेलिया जैसे विद्यालयों का इंटर कॉलेज में उच्चीकरण करना जरूरी है। इससे छात्रों को पढ़ाई के लिए अन्यत्र जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

राम सिंह कैड़ा ने सरकार से मांग की कि विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का उच्चीकरण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन और हाई स्कूलों का इंटरमीडिएट में उच्चीकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए अहम है।
विधायक ने यह भी कहा कि कई विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की जानी चाहिए ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने सरकार से इन मुद्दों पर तत्काल कदम उठाने का अनुरोध किया।
साथ ही, विधायक कैड़ा ने शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से मुलाकात की और भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन लगाने, टेक्नीशियनों की नियुक्ति करने और स्वास्थ्य-संबंधी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

विधायक का कहना है कि क्षेत्र के लोगों के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का सुधार प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से अपेक्षा जताई कि जल्द ही इन समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जाएगा।

