
स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

उधम सिंह नगर में हाल ही में हुई हिंसक घटना के बाद ग्राम बरहनी के एक स्थानीय नेता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में नेता पर नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और एक समुदाय को लेकर कथित रूप से जातिगत टिप्पणी करने का आरोप लगाया जा रहा है।


बताया जा रहा है कि वीडियो में खीम सिंह दानू नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी और गुस्सा देखने को मिल रहा है।


मामले को लेकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला सचिव प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा।


कार्यकर्ताओं ने विभव सैनी से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ सकती हैं।
जिला सचिव प्रशांत कुमार ने बताया कि पार्टी की ओर से पुलिस प्रशासन को तहरीर दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले में कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि घटना को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन किसी दबाव में काम कर रहा है।

वहीं सीओ बाजपुर विभव सैनी ने बताया कि नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी का मामला उनके संज्ञान में आया है और इस संबंध में शिकायत पत्र भी प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

