हरिद्वार: राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कांवड़ मेला व अर्धकुंभ 2027 की तैयारियों की समीक्षा की

हरिद्वार: राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कांवड़ मेला व अर्धकुंभ 2027 की तैयारियों की समीक्षा की

हरिद्वार

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह सोमवार शाम हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने आगामी कांवड़ मेला और अर्धकुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। यह बैठक राज्य अतिथि गृह ग्रेड डाम कोठी में आयोजित की गई।

राज्यपाल ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और पुलिस विभाग के अधिकारियों से मेलों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और अन्य आवश्यक सेवाओं को लेकर विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में कोई कमी न रहे।

इसके साथ ही राज्यपाल ने एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट योजना के तहत हरिद्वार में चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के ज़मीनी क्रियान्वयन, जनकल्याण पर प्रभाव और लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर फीडबैक लिया।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि, “हरिद्वार में जल्द ही कांवड़ मेला आरंभ होने जा रहा है। जिला प्रशासन पूरी निष्ठा से इसकी सफल आयोजन हेतु तैयारियों में जुटा है।

हमें सुनिश्चित करना होगा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और प्रशासनिक व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रहे।”