लोहाघाट में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर शुरू, पहले दिन 360 मरीजों ने उठाया लाभ

लोहाघाट में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर शुरू, पहले दिन 360 मरीजों ने उठाया लाभ

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

स्वास्थ्य विभाग चम्पावत द्वारा “सेवा, सुशासन और समर्पण” के संकल्प के तहत आयोजित स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत उप जिला अस्पताल लोहाघाट में शुक्रवार से तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने किया। पहले ही दिन 360 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। इसके अलावा एक्स-रे, विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, ओरल कैंसर, सर्वाइकल कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच तथा गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य सुदूरवर्ती क्षेत्रों के उन लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जो बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय शिविर में जिले के अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है, ताकि प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सके और किसी भी मरीज को बिना इलाज के वापस न लौटना पड़े।

शिविर में उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट के सीएमएस डॉ. विराज राठी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका गिरी, चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र बोहरा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजूनाथ, फिजिशियन डॉ. राकेश जोशी, सर्जन डॉ. हिमांशु पाण्डेय, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सोनाली मल्होत्रा, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण मिश्रा सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर राकेश पंत, उमेश जोशी, आईटीसी काउंसलर निर्मल मुरारी, आशा समन्वयक निर्मला पुनेठा, टीबी क्लिनिक से रामनारायण खर्कवाल, सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शिविर के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।