लगातार बारिश का कहर विकासनगर में कच्चा मकान ढहा, घरेलू सामान मलबे में दबा

लगातार बारिश का कहर विकासनगर में कच्चा मकान ढहा, घरेलू सामान मलबे में दबा

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश से जनजीवन प्रभावित है, वहीं विकासनगर क्षेत्र में एक कच्चा मकान ढहने की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

विकासनगर के कुंजा ग्रांट क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते स्थानीय निवासी इकराम का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान की दीवार गिरते ही छत पर लगा टीन शेड भी नीचे आ गिरा और पूरा ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के समय घर के अंदर रखा राशन, कपड़े और अन्य घरेलू उपयोग का सामान मलबे में दब गया। लगातार हो रही बारिश के कारण अधिकांश सामान भीगकर पूरी तरह खराब हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

घटना के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित बाहर होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबा सामान बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मकानों का सर्वे कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार ने बताया कि लगातार बारिश से होने वाले नुकसान को देखते हुए राजस्व विभाग की टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है और नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वे कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पात्र प्रभावित परिवारों को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।