

स्थान : नैनीताल
रिपोर्टर : संजय जोशी

जनपद में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल ललित मोहन रयाल ने आदेश जारी कर 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।


जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि निदेशक, भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई को नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।



उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है। बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह होने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।


जारी आदेश के अनुसार 10 जुलाई को जनपद नैनीताल के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय, जिनमें कक्षा 1 से 12 तक की कक्षाएं संचालित होती हैं, बंद रहेंगे। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल को निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी है कि आदेश के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।



