नैनीताल में भारी बारिश की चेतावनी के चलते स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

नैनीताल में भारी बारिश की चेतावनी के चलते स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 10 जुलाई को नैनीताल जिले में अत्यधिक भारी बारिश, आकाशीय बिजली और भूस्खलन की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है।

जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल के आदेशानुसार शुक्रवार, 10 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।