स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट


बारिश के बीच शनिवार देर रात करीब तीन बजे माल रोड पर एक सूखा पेड़ अचानक टूटकर होटल सूर्य किरण की छत पर जा गिरा। पेड़ पहले माल रोड की एंटीक रेलिंग से टकराया और इसके बाद होटल की छत पर जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


गनीमत रही कि हादसा देर रात हुआ और उस समय माल रोड पर लोगों की आवाजाही बेहद कम थी। यदि दिन के समय या पर्यटकों की अधिक भीड़ के दौरान पेड़ गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना ने माल रोड पर जर्जर और सूखे पेड़ों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।


पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। फायर सर्विस के जवानों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। कटर की मदद से पेड़ को छोटे हिस्सों में काटकर सड़क किनारे किया गया, जिसके बाद माल रोड पर यातायात को सुचारु कराया जा सका।


हादसे में होटल सूर्य किरण की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा होटल के नीचे खड़ी एक कार और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचा है। पेड़ के अचानक गिरने से होटल में ठहरे पर्यटकों में भी दहशत फैल गई। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

होटल स्वामी अजय भार्गव ने बताया कि हादसे के समय होटल में कई पर्यटक ठहरे हुए थे। उन्होंने कहा कि पेड़ के गिरने से होटल को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से माल रोड सहित मसूरी के अन्य इलाकों में मौजूद जर्जर और सूखे पेड़ों को तत्काल चिन्हित कर हटाने की मांग की है।


स्थानीय लोगों के मुताबिक माल रोड क्षेत्र में कई ऐसे पेड़ हैं, जिनकी जड़ें सूख चुकी हैं। बारिश और तेज हवाओं के दौरान इन पेड़ों के गिरने का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते खतरनाक पेड़ों को नहीं हटाया गया तो भविष्य में गंभीर हादसा हो सकता है।




स्थानीय नागरिकों का यह भी कहना है कि खतरनाक पेड़ों को हटाने के संबंध में नगर पालिका और वन विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद कई स्थानों पर सूखे और कमजोर पेड़ अब भी खड़े हैं। इससे पैदल चलने वाले लोगों, पर्यटकों और सड़क किनारे स्थित भवनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार ऐसे पेड़ों को हटाने के लिए वन विभाग से अनुमति मांगी गई है। हालांकि अभी तक अनुमति प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन का कहना है कि अनुमति मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में माल रोड क्षेत्र में पेड़ों की लॉपिंग भी कराई गई थी।

माल रोड पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। पर्यटक नगरी में बारिश के मौसम में पेड़ों के गिरने की घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने समय रहते सभी जर्जर और सूखे पेड़ों का सर्वे कराकर उन्हें हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

