

स्थान : कोटाबाग (हल्द्वानी)
रिपोर्टर : संजय जोशी

राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत गुरुवार को विकासखंड कोटाबाग के सभागार में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत वृहद जनकल्याणकारी शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की जनता ने बड़ी संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी ली और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उनके क्षेत्र में उपलब्ध कराना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा। शिविर में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 16 नवोदित उद्यमियों को कुल 13 लाख रुपये के अनुदान के चेक वितरित किए गए। वहीं मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के अंतर्गत चार महिलाओं को किट प्रदान की गईं।



शिविर में उद्योग, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, बाल विकास, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, खाद्य सुरक्षा, राजस्व, पंचायतीराज, वन, श्रम, सेवायोजन, विद्युत और पेयजल सहित कुल 27 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने जनता को स्वरोजगार, कृषि यंत्र अनुदान, उद्यान योजनाओं, पेंशन, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।


इस दौरान उद्यमियों, युवाओं और महिलाओं को उद्योग स्थापना, बैंक ऋण, वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और बाजार उपलब्धता के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया गया। शिविर में क्षेत्रीय जनता की ओर से सड़क चौड़ीकरण, सड़क किनारे झाड़ी कटान, नाली सफाई, सड़क सुधार, कृषि भूमि में तारबाड़, भूमि कटाव रोकने और सिंचाई गूलों की मरम्मत सहित कुल 250 शिकायतें और मांग पत्र प्रस्तुत किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 190 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को समय सीमा तय कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। खंड विकास अधिकारी को इन प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया। शिविर में कुल 580 लोगों ने विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का प्रत्यक्ष लाभ लिया।

शिविर में सांसद नैनीताल-ऊधम सिंह नगर अजय भट्ट, विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत और अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का समाधान मौके पर नहीं हो पाया है, उनका भी समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।


सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने किसानों और पशुपालकों को जानकारी देते हुए बताया कि पशुओं के उपचार के लिए 1962 नंबर पर कॉल करने पर पशु चिकित्सा वाहन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने जल जीवन मिशन, अटल आयुष्मान योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ लेने की अपील भी की।
विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का समाधान मौके पर ही करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण है।
शिविर में पेयजल से जुड़ी शिकायतों पर सांसद ने उपजिलाधिकारी कालाढूंगी को संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा जहरीले सांप के काटने से भैंस की मृत्यु के बाद मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत पर वन विभाग और पशुपालन विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रामनगर मुख्य मार्ग से कोटाबाग तक सड़क चौड़ीकरण, झाड़ी कटान और नाली सफाई के मामलों पर लोक निर्माण विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिविर में अपर जिलाधिकारी प्रशासन की न्यायालय में लंबित खाद्य सुरक्षा स्टांप पैड से जुड़े 10 मामलों की सुनवाई कर उनका निस्तारण भी किया गया।
कार्यक्रम में मेयर नगर निगम हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, शांति मेहरा, दिनेश आर्या, ज्येष्ठ उप ब्लॉक प्रमुख गीता तिवारी, कनिष्ठ प्रमुख अपूर्वा बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य अरुणव कंबोज, मंडल अध्यक्ष कमलेश पांडे, महामंत्री विनोद बधानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

