

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर : धर्मराज

देवभूमि हरिद्वार में देर रात से जारी भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कहीं जलभराव की स्थिति बनी हुई है तो कहीं बारिश के चलते मकानों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आ रही हैं।


इसी बीच रेलवे स्टेशन के पास स्थित पुरुषार्थी मार्केट में एक मकान अचानक ढह गया। हादसे के बाद मकान के मलबे में चार लोगों के फंसने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी।



सूचना मिलते ही फायर सर्विस मायापुर को अलर्ट किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।


रेस्क्यू के दौरान एक व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार और चलने-फिरने में असमर्थ पाया गया, जिसे फायर सर्विस की टीम ने स्ट्रेचर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं अन्य तीन लोगों को भी सावधानीपूर्वक बाहर निकालकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।
फायर सर्विस और पुलिस की तत्परता से बड़ी जनहानि टल गई। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को हरसंभव मदद और अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।


