तीनपानी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार पलटी, चार लोगों के सवार होने की सूचना; SSP मौके पर पहुंचे

तीनपानी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार पलटी, चार लोगों के सवार होने की सूचना; SSP मौके पर पहुंचे

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

तीनपानी फ्लाईओवर के पास शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार के चलते एक फोर्ड फिगो कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में चार लोगों के सवार होने की सूचना है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही नैनीताल पुलिस तत्काल हरकत में आई और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं घटनास्थल पर पहुंच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:25 बजे कार संख्या UK 02 A 2544 गोलापुल की ओर से लालकुआं की तरफ बाईपास मार्ग से जा रही थी। इसी दौरान तीनपानी फ्लाईओवर के पास तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना प्राप्त होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह सहित कोतवाली, मुखानी और बनभूलपुरा थाना प्रभारियों एवं संबंधित पुलिस टीमों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

SSP ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से हादसे के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों को तत्परता से पूरा करने और घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

घटना के बाद एसएसपी नैनीताल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने घायलों को मिल रहे उपचार के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पुलिस की ओर से दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

SSP की आमजन से अपील—तेज रफ्तार से बचें

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और हमेशा वाहन पर नियंत्रण बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी और तेज रफ्तार सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। वाहन चलाते समय थोड़ी-सी लापरवाही चालक के साथ-साथ अन्य लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डाल सकती है।

उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और सड़क पर अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार वाहन संचालन से दुर्घटनाओं के जोखिम को कम किया जा सकता है।